Connect with us

नवी मुंबई

नवी मुंबई में सुरक्षित और पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव की तैयारी तेज

Published

on

ग्रीन कॉरिडोर, कड़ी सुरक्षा और छोटे गणेशोत्सव मूर्तियों को प्रोत्साहन देने की पहल।

गणेशोत्सव

नवी मुंबई में 14 से 25 सितंबर तक होने वाले गणेशोत्सव को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और भक्तिमय बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नवी मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय में महापौर सुजाता सूरज पाटिल की अध्यक्षता में गणेशोत्सव 2026 की पूर्व नियोजन बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मनपा आयुक्त डॉ. कैलाश शिंदे, वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न गणेश मंडलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। विसर्जन के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए विसर्जन मार्गों पर एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों के लिए समर्पित ग्रीन कॉरिडोर बनाने का निर्णय लिया गया है।

गणेश मंडलों के लिए अग्नि सुरक्षा एनओसी अनिवार्य होगी। मंडलों में अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखने के साथ स्वयंसेवकों को उनके इस्तेमाल का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बंदोबस्त किया जाएगा और यातायात सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाएगी।

पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर रहेगा। ध्वनि प्रदूषण के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और कृत्रिम विसर्जन तालाबों के इस्तेमाल को प्रोत्साहित किया जाएगा। महापौर ने सड़कों के गड्ढे भरने, विसर्जन मार्गों पर बाधा बनने वाली पेड़ों की शाखाओं की छंटाई और सभी स्ट्रीट लाइटों को चालू रखने के निर्देश दिए। विसर्जन स्थलों पर सीसीटीवी, चिकित्सा सुविधा और पर्याप्त मनुष्यबल उपलब्ध रहेगा।

इस बीच, अगले वर्ष से छोटे गणेश की मूर्ति स्थापित करने वाले मंडलों को “मूर्ति छोटी, भावना महान” पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। इसका उद्देश्य मूर्ति की ऊंचाई की प्रतिस्पर्धा के बजाय भक्ति और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य समाचार